फतहनगर - सनवाड

नीलकंठ महादेव मंदिर राणेरा (ढूंढिया) में फिर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए तीन संदिग्ध

बार-बार चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में रोष, पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप

फतहनगर। क्षेत्र के ढूंढिया स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर राणेरा में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने भंडार/दानपात्र को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहे हैं। इनमें दो व्यक्ति दानपात्र को खोलने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि तीसरा व्यक्ति आसपास निगरानी करता नजर आ रहा है। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।

बताया गया कि नीलकंठ महादेव मंदिर आबादी क्षेत्र से दूर सुनसान स्थान पर स्थित है। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

पहले भी कई बार हो चुकी है चोरी

श्रद्धालुओं के अनुसार मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी करीब 5-6 बार मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रत्येक घटना के बाद पुलिस थाने में शिकायत एवं रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन श्रद्धालुओं का आरोप है कि अब तक चोरों का पता नहीं लगाया जा सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर आबादी क्षेत्र से दूर होने के कारण रात के समय यहां निगरानी की व्यवस्था नहीं रहती। ऐसे में असामाजिक तत्व सुनसान स्थान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे तीन संदिग्ध

इस बार हुई चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में तीन व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। दो व्यक्ति दानपात्र को खोलने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति कुछ दूरी पर खड़ा होकर निगरानी करता दिखाई देता है। सभी ने चेहरे ढक रखे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस द्वारा संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की जा रही है।

कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

मंदिर से जुड़े भक्तों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा करने की मांग की है।

श्रद्धालुओं ने कहा कि यदि इस बार भी पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती और चोरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो भक्तों एवं ग्रामीणों की ओर से ढूंढिया बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन कर सड़क जाम करने का निर्णय लिया जा सकता है। श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से समय रहते मामले में सख्त कार्रवाई कर मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

भक्तों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से भी इस मामले में एकजुट होकर चर्चा करने तथा पुलिस प्रशासन तक अपनी मांग पहुंचाने का आह्वान किया है, ताकि मंदिर में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *