फतहनगर - सनवाड

महेश कॉलोनी में भक्तिमय माहौल के बीच तुलसी विवाह संपन्न, माणकचंद मेनारिया ने सुनाई भक्तमाल कथा

फतहनगर (विकास चावड़ा )। नगर की महेश कॉलोनी में श्री प्रह्लादराय मंडोवरा के निवास स्थान पर मेवाड़ के प्रखर कथा प्रवक्ता श्री माणकचंद मेनारिया के सानिध्य में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित नानीबाई का मायरा कथा एवं तुलसी विवाह महोत्सव के तहत श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
आयोजन के प्रथम दिन श्री गणेश मंदिर से श्री शालिग्रामजी ठाकुरजी की भव्य बारात एवं पोथी व्यास यात्रा निकाली गई, जो आयोजन स्थल पर पहुंची। यहां विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री शालिग्रामजी और तुलसीजी का विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव से भाग लिया।
कथा के प्रथम दिन व्यासजी ने भक्तमाल कथा के माध्यम से भक्तों की अनन्य भक्ति का वर्णन किया। उन्होंने मीराबाई की कृष्ण भक्ति और उनके सदेह कृष्ण विग्रह में समाहित होने के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
कथा के दूसरे दिन व्यासजी ने भक्ति और आराधना पर संगीतमय प्रवचन देते हुए भक्त नरसीजी की भक्ति का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि संतों के सानिध्य से प्रभावित होकर नरसीजी ने अपनी समस्त धन-संपदा और व्यापार का त्याग कर कुटिया में रहकर भजन-कीर्तन को जीवन का आधार बना लिया। प्रभु की कृपा से उन्हें राग केदार प्राप्त हुआ। भगवान ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनके राग केदार के गायन पर वे स्वयं प्रकट होंगे।
व्यासजी ने नरसीजी द्वारा लिखी गई हुंडी को द्वारका में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा स्वयं सांवरिया सेठ का रूप धारण कर स्वीकार करने तथा नरसीजी के घर संतों को प्रभु द्वारा भोजन करवाने सहित अनेक भक्तिमय प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया। संगीतमय कथा के दौरान पूरा पंडाल भक्ति रस में सराबोर हो गया।
कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 3 बजे तक किया जा रहा है। कथा के समापन पर सामूहिक आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *