फतहनगर - सनवाड

जनता कॉलोनी में खस्ताहाल सड़क बनी हादसों का सबब, क्षतिग्रस्त नाली क्रॉस में गिरकर बाइक सवार हुआ घायल

चुनाव से पहले नेताओं ने बनाया था सड़क को मुद्दा, चुनाव के बाद भूले जनप्रतिनिधि; सामुदायिक भवन के समीप बड़े-बड़े गड्ढों से राहगीर परेशान

फतहनगर ( विकास चावड़ा )। फतहनगर से चंगेड़ी जाने वाले मार्ग पर जनता कॉलोनी से होकर गुजर रही सड़क की बदहाल स्थिति अब आमजन के लिए परेशानी के साथ हादसों का कारण भी बनने लगी है। विशेष रूप से सामुदायिक भवन के समीप सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और नाली का क्षतिग्रस्त क्रॉस वाहन चालकों एवं राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। सड़क की दुर्दशा के चलते यहां से गुजरने वाले लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका चुनाव से पहले इस सड़क की बदहाल स्थिति को नेताओं ने प्रमुख मुद्दा बनाया था। उस दौरान सड़क की मरम्मत करवाने और क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने के कई दावे किए गए, लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद भी सड़क की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है। नतीजतन आज भी जनता कॉलोनी के बाशिंदे उसी समस्या से जूझने को मजबूर हैं।

सड़क पर नाली का क्रॉस क्षतिग्रस्त होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। क्रॉस के समीप काफी गहरा गड्ढा बन गया है, जो रात के समय वाहन चालकों को दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहा है। स्थानीय निवासी भैरूलाल तेली ने बताया कि तीन दिन पूर्व रात्रि करीब 11 बजे एक युवक बाइक लेकर चंगेड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान क्षतिग्रस्त नाली क्रॉस के पास बने बड़े गड्ढे में बाइक असंतुलित होकर गिर गई और युवक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

भैरूलाल तेली ने बताया कि बाइक गिरने की तेज आवाज सुनकर वे तत्काल घर से बाहर आए। मौके पर युवक घायल अवस्था में मिला, जिसे उन्होंने अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलवाया। इस घटना ने सड़क की बदहाल स्थिति और क्षतिग्रस्त क्रॉस से उत्पन्न खतरे को उजागर कर दिया है।

हादसे के बाद भी जिम्मेदारों का ध्यान नहीं

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क के गड्ढों को दुरुस्त नहीं किया गया और नाली क्रॉस की मरम्मत नहीं करवाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विशेषकर रात्रि के समय दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि किसी गंभीर दुर्घटना का इंतजार किए बिना तत्काल क्षतिग्रस्त क्रॉस की मरम्मत करवाई जाए तथा सड़क के गड्ढों को भरवाकर आवागमन सुगम बनाया जाए।

अब देखना यह है कि चुनाव के दौरान जनता की इस समस्या को प्रमुखता से उठाने वाले जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी कब तक इसकी सुध लेते हैं और क्षेत्रवासियों को इस परेशानी से राहत मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *