ठाकुरजी को धराया छप्पन भोग, आदिवासी युवकों ने परंपरागत तरीके से लूटा अन्नकूट; एक घंटे तक हुई आतिशबाजी ने बांधा समां
फतहनगर (विकास चावड़ा)। धार्मिक नगरी फतहनगर में दीपावली के बाद खेखरे के अवसर पर मंगलवार को भगवान श्री द्वारिकाधीश मंदिर में परंपरागत अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान के दर्शन एवं अन्नकूट प्रसादी प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा के अनुरूप आयोजित इस महोत्सव में इस बार ऐतिहासिक 65 क्विंटल सब्जी का अन्नकूट तैयार कर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर से लेकर मुख्य बाजार तक धर्ममय माहौल बना रहा और द्वारिकाधीश के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
ठाकुरजी को धराया छप्पन भोग, सजी मनोहारी झांकी
अन्नकूट महोत्सव के तहत मंगलवार को भगवान श्री द्वारिकाधीश के समक्ष 56 प्रकार के विभिन्न व्यंजनों का छप्पन भोग सजाकर धराया गया। आकर्षक थालों में सजे विविध पकवानों से ठाकुरजी का भोग मनोरम स्वरूप में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मंदिर में ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाई गई तथा मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन किया गया। रोशनी से जगमगाते मंदिर और ठाकुरजी की मनोहारी छवि श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
मंदिर के पुजारी सत्यनारायण पालीवाल एवं कमलनयन पालीवाल ने विधि-विधान के साथ ठाकुरजी की सेवा-पूजा कर छप्पन भोग अर्पित किया। भोग लगाने के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए दर्शन खोले गए। इसके बाद मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु काफी देर तक कतारबद्ध होकर ठाकुरजी की मनोहारी झांकी के दर्शन करते रहे। अनेक श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

ढोल-मांदल की थाप पर थिरके आदिवासी युवक, परंपरागत तरीके से लूटा अन्नकूट
महोत्सव का सबसे आकर्षक और विशिष्ट आयोजन आदिवासी समाज के युवकों द्वारा अन्नकूट लूटने की परंपरा रहा। मंदिर के मुख्य द्वार के समीप चावल एवं चंवले का अन्नकूट सजाकर रखा गया। इसके बाद भील समुदाय के युवक पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोलक, थाली और मांदल की थाप पर नृत्य करते हुए मंदिर पहुंचे। लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था के अनूठे संगम ने उपस्थित लोगों को आकर्षित किया।
जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, युवक एक साथ अन्नकूट की ओर उमड़ पड़े। पारंपरिक मान्यता के अनुसार युवकों ने अन्नकूट को अपनी झोलियों में भरकर लूटा। जिसे जितना प्रसाद मिला, वह उसे लेकर खुशी-खुशी रवाना हुआ। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी और आसपास के ग्रामीण भी मौजूद रहे। ढोल-मांदल की थाप, युवाओं का उत्साह और श्रद्धालुओं की जयकारों ने आयोजन को विशेष रंग प्रदान किया।
पुलिस चौकी परिसर में 65 क्विंटल सब्जी का अन्नकूट वितरण
मंदिर में छप्पन भोग एवं पारंपरिक अन्नकूट लूट के आयोजन के साथ ही पुलिस चौकी परिसर में विशाल सब्जी के अन्नकूट का वितरण किया गया। इस बार करीब 65 क्विंटल सब्जी का अन्नकूट तैयार किया गया था। प्रसादी प्राप्त करने के लिए नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अन्नकूट लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। व्यवस्था के अनुरूप श्रद्धालुओं को बारी-बारी से प्रसादी वितरित की गई। लोगों ने इसे भगवान द्वारिकाधीश का प्रसाद मानकर श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। इतनी विशाल मात्रा में अन्नकूट वितरण को लेकर नगर में विशेष उत्साह देखा गया।
बैलों का पूजन कर की सुख-समृद्धि की कामना
अन्नकूट महोत्सव से पूर्व शाम 5:30 बजे अखाड़ा मंदिर में बैलों के पूजन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखाड़ा मंदिर के महंत शिवशंकर दास महाराज के सानिध्य में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नगरवासियों ने भाग लिया। परंपरानुसार बैलों का पूजन कर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई तथा कृषि, पशुधन और समृद्धि की मंगलकामना की गई। धार्मिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन ने अन्नकूट महोत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया।
मुख्य चौराहे पर एक घंटे तक चली आतिशबाजी
अन्नकूट महोत्सव के उपलक्ष्य में नगर के मुख्य चौराहे पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और आसमान में छूटते आकर्षक पटाखों ने दीपोत्सवी माहौल को और भी मनमोहक बना दिया। एक घंटे से अधिक समय तक चली आतिशबाजी का नगरवासियों और ग्रामीणों ने भरपूर आनंद लिया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा।
नगर के अन्य मंदिरों में भी शुरू होंगे अन्नकूट आयोजन
द्वारिकाधीश मंदिर में अन्नकूट महोत्सव के भव्य आयोजन के साथ ही फतहनगर में विभिन्न मंदिरों में अन्नकूट महोत्सवों का क्रम भी शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में नगर के अन्य मंदिरों में भी ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग धराकर श्रद्धालुओं में प्रसादी वितरित की जाएगी। दीपावली के बाद खेखरे पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव फतहनगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा में जहां एक ओर भगवान के प्रति श्रद्धा और भक्ति का भाव दिखाई देता है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी समाज की लोक संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक समरसता की झलक भी देखने को मिलती है।

Leave a Reply