उदयपुर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति उदयपुर के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में दीपावली का पावन पर्व अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रविवार, 8 नवंबर 2026 को अपराह्न 1:30 बजे केंद्र परिसर में विशेष दीपावली पूजन का आयोजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित मुख्य पूजा-अर्चना में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के उपाध्यक्ष सुहास मनोहर ने सपत्नीक यजमान के रूप में बैठकर विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश का पूजन संपन्न किया। पूजन के दौरान संपूर्ण परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चित्तौड़ प्रांत के सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के महामंत्री दीपक शुक्ल, उदयपुर नगर निगम के महापौर एवं समिति उपाध्यक्ष पारस सिंघवी, उपाध्यक्ष अशोक पुरोहित सहित प्रताप गौरव केन्द्र के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूजनोत्सव के पश्चात सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर देश और प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि तथा सांस्कृतिक चेतना के प्रसार की कामना की गई।

Leave a Reply