गौमाता का नगर भ्रमण, महिलाओं ने किया सामूहिक गोवर्धन पूजन, बैलों की सजावट प्रतियोगिता और अन्नकूट महोत्सव का हुआ आयोजन
इंटाली (मधुसूदन पारीक)। गांव इंटाली में गोवर्धन पर्व पारंपरिक उल्लास, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही गांव में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रही। वर्षों पुरानी गन्ना लूट की परंपरा में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह 7 बजे भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण में गन्ना लूट कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हुईं। सुबह 9 बजे बालाजी गौशाला की गायों का आकर्षक श्रृंगार कर नगर भ्रमण करवाया गया। गौमाता के दर्शन के लिए जगह-जगह ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। गौमाता का जुलूस भील बस्ती, सहकारी समिति रोड, पुरानी पानी की टंकी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोड, बस स्टैंड, लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण, पिपलेश्वर महादेव मंदिर, पीपाड़ा चौराहा, मेनारिया मोहल्ला, महात्मा गांधी विद्यालय रोड, पटेल मोहल्ला, चारभुजा मंदिर, पानी की कुई, कुम्हारिया बावजी और सदर बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होता हुआ पुनः गौशाला पहुंचा। पूरे मार्ग में गौमाता के दर्शन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सुबह 10 बजे महिलाओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजन किया। इसके बाद तीन डीजे की धुन पर दो बैलगाड़ियों और दो ट्रैक्टरों में गन्ने भरकर भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण लाए गए। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान का प्रसाद मानकर बड़े आनंद और उत्साह के साथ गन्ने लूटे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा।
परंपरा शुरू करने वाले स्व. भूरालाल खारोल को किया याद
गन्ना लूट की इस अनूठी परंपरा को शुरू करने वाले स्वर्गीय भूरालालजी खारोल इस वर्ष ग्रामीणों के बीच मौजूद नहीं रहे। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनकी तस्वीर को उनके निवास से साउंड सिस्टम के साथ मंदिर चौक तक लाया गया। यह दृश्य आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।

बैलों का सामूहिक पूजन और सजावट प्रतियोगिता
दोपहर बाद गांव के पटेल एवं पटवारी द्वारा सामूहिक रूप से बैलों का पूजन किया गया। शाम 4 बजे चारभुजा मंदिर चौक में बैलों की सजावट प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें आकर्षक रूप से सजाई गई बैल जोड़ियों एवं बेहतर जोड़ी का चयन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा प्रत्येक बैल जोड़ी को सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया।
इसके पश्चात भील समाज के लोगों ने अलग-अलग समूह बनाकर विभिन्न मोहल्लों में पारंपरिक हिड़ गायन किया, जिससे गांव का माहौल लोक संस्कृति के रंग में रंग गया।

अन्नकूट महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु
शाम 7:30 बजे भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर चौक में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन हुआ। सर्वप्रथम गांव के प्रमुख नागरिकों ने भगवान को भोग लगाकर आरती की। इसके बाद मंदिर परिसर में चांदी की छड़ियां हाथों में लेकर श्रद्धालु झूमते, नाचते और भगवान के जयकारे लगाते नजर आए। मंदिर की थाली की थाप पर भील समाज के लोगों ने पारंपरिक नृत्य करते हुए भक्ति का माहौल बना दिया। नाचते-गाते श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे और अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत हुई।
रात्रि 9 बजे बाद बस स्टैंड पर पूरण गुर्जर एवं पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। पूरे दिन चले धार्मिक, पारंपरिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों ने इंटाली की समृद्ध लोक परंपराओं और ग्रामीण एकता की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।

Leave a Reply