सेवा और मानवता का दिया संदेश, वर्षों से निभा रहे हैं सामाजिक सरोकारों की परंपरा
फतहनगर (विकास चावड़ा)। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और आतिशबाजी करने का ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खुशियां साझा करने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए सनवाड़ मित्र मंडल की ओर से दीपावली की पूर्व संध्या पर पालिका क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर मिठाइयों का वितरण किया गया। मित्र मंडल के इस सेवा कार्य ने सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं की अनूठी मिसाल पेश की।
इस दौरान मित्र मंडल के सदस्य पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं वर्तमान पालिकाध्यक्ष श्रीमती ममता चपलोत के पति तथा पार्षद राजेश चपलोत के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचे। सदस्यों ने परिवारों को मिठाइयां वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ आत्मीयता से खुशियां साझा कीं। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर भी मुस्कान देखने को मिली। मित्र मंडल के सदस्यों ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के हर वर्ग को उसमें सहभागी बनाया जाए।
उल्लेखनीय है कि सनवाड़ मित्र मंडल के सदस्य पिछले कई वर्षों से दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर मिठाई वितरण करने की परंपरा निभाते आ रहे हैं। मंडल का उद्देश्य केवल मिठाइयां बांटना ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग को यह अहसास कराना है कि वे भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और त्योहारों की खुशियों में उनकी भी बराबर की भागीदारी है।
मित्र मंडल की इस पहल से सामाजिक एकजुटता, आपसी भाईचारे और सेवा भावना का संदेश प्रसारित हुआ। मंडल ने अपने कार्यों के माध्यम से यह साबित किया कि मानवता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है और दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही त्योहार मनाने का सबसे सुंदर तरीका है।
सेवा ही संकल्प, मानवता ही सबसे बड़ा धर्म—इसी भावना के साथ सनवाड़ मित्र मंडल ने दीपावली की खुशियां अपनों के संग मनाने का प्रेरक संदेश दिया।

Leave a Reply