फतहनगर (विकास चावड़ा) । दीपावली पर्व को लेकर नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल परवान पर है। रोशनी के पर्व के स्वागत में फतेहनगर के बाजार आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगा उठे हैं। इस बार दीपावली को लेकर बाजारों में विशेष रौनक देखने को मिल रही है। नगर के मुख्य चौराहे से लेकर प्रताप चौराहे तक बाजार रोशनी से सराबोर नजर आ रहे हैं। वहीं उदयपुर रोड, बस स्टैंड रोड तथा सनवाड़ की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों के बाजारों में भी आकर्षक सजावट की गई है, जो राहगीरों और खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।
दीपावली के मद्देनजर व्यापारियों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाकर पूरी तरह तैयार कर लिया है। बाजारों में रंग-बिरंगी रोशनी, सजावटी झालरों और आकर्षक विद्युत लाइटिंग से उत्सवी माहौल बन गया है। शाम ढलते ही बाजारों की सजावट देखते ही बनती है। रोशनी से नहाई दुकानों और बाजारों की चमक से पूरा नगर दीपोत्सव के रंग में रंगा नजर आने लगा है।
पर्व को लेकर व्यापारियों में भी खासा उत्साह है। दुकानदारों ने ग्राहकों के स्वागत के लिए अपनी दुकानों को आकर्षक स्वरूप दिया है। वहीं नगरवासी भी दीपावली की तैयारियों में जुटे हुए हैं। घरों की साफ-सफाई, सजावट और अन्य तैयारियों के साथ बाजारों में खरीदारी का माहौल बनने लगा है। दीपावली के नजदीक आने के साथ ही बाजारों में चहल-पहल और बढ़ने की उम्मीद है।
अन्नकूट महोत्सव को लेकर भी उत्सुकता:दीपावली के साथ ही खेखरे के अवसर पर नगर के आराध्य भगवान द्वारकाधीश मंदिर में आयोजित होने वाले पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव को लेकर भी नगरवासियों में विशेष उत्सुकता बनी हुई है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह दिखाई दे रहा है। मंदिर विकास कमेटी के सदस्य अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दीपोत्सव की जगमगाहट और अन्नकूट महोत्सव की धार्मिक परंपरा के चलते फतेहनगर में इन दिनों उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। एक ओर बाजारों की आकर्षक रोशनी नगर की सुंदरता में चार चांद लगा रही है, वहीं दूसरी ओर मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की उत्सुकता नगर की दीपावली को और खास बना रही है।
दीपावली की रोशनी से जगमगाया फतेहनगर, बाजारों में छाई रौनकमुख्य चौराहे से प्रताप चौराहे तक आकर्षक सजावट, दुकानों पर खरीदारी की तैयारियां पूरी; अन्नकूट महोत्सव को लेकर भी उत्साह

Leave a Reply