भोपाल। देश की पारंपरिक खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने और स्वदेशी एवं भूले-बिसरे खेलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से भोपाल संभाग के रायसेन जिले के मंडीदीप स्थित स्कॉलर पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय खेल आयोजन किया गया। यह आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न पारंपरिक खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों और युवाओं को भारतीय खेल संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया गया।
आयोजन के दौरान रस्सी कूद, तिगड़ी, लट्टू, नींबू-चम्मच दौड़, बोरी दौड़, रस्साकस्सी एवं पंजा कुश्ती जैसे स्वदेशी खेलों का आयोजन किया गया। इन खेलों के संरक्षण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर रविवार को भोपाल में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें स्वदेशी खेलों की आगामी गतिविधियों और वार्षिक कैलेंडर की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय स्वदेशी खेल एसोसिएशन के चेयरमैन एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री दीपक जोशी उपस्थित रहेंगे। वहीं, अखिल भारतीय स्वदेशी खेल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजयदीप सिंह द्वारा नियुक्त दो सदस्यीय केंद्रीय टीम के ए. के. सक्सेना, सेक्रेटरी जनरल, एवं कृष्णावतार गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार केंद्रीय टीम मध्यप्रदेश में स्वदेशी खेलों के प्रशिक्षण की दिशा में भी कार्य करेगी। इसके साथ ही 1 नवंबर को मध्यप्रदेश स्वदेशी खेल एसोसिएशन की बैठक आयोजित कर प्रदेश की स्टेट बॉडी का गठन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता का आयोजन रविवार, 1 नवंबर को दोपहर 12 बजे डिक्की ऑफिस, आर्यवर्त बिल्डिंग, यादव मेडिकल के पास, काटजू हॉस्पिटल के सामने, जवाहर चौक, भोपाल में किया जाएगा।

Leave a Reply