फतहनगर - सनवाड

फ़तहनगर में श्रद्धा व उल्लास के साथ निकली भव्य जगन्नाथ रथयात्रा

108 दीपकों से हुई महाआरती, ‘एक नगर–एक परिवार’ के संदेश के साथ उमड़ा जनसैलाब

फ़तहनगर। धार्मिक नगरी फ़तहनगर में विजय हाइट्स परिवार की ओर से ‘विजय हाइट्स दादा का दरबार’ के तत्वावधान में आयोजित भव्य भगवान जगन्नाथ रथयात्रा अपार उत्साह, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस धार्मिक आयोजन में नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे संपूर्ण मार्ग जयकारों और हरि बोल के घोष से गुंजायमान हो उठा।

दादा के दरबार से शुरू होकर द्वारकाधीश मंदिर पहुंची यात्रा

निर्धारित कार्यक्रमानुसार रथयात्रा शाम 5 बजे ‘विजय हाइट्स दादा का दरबार’ से गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ रवाना हुई। आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भ्राता बलभद्र के दर्शनों के लिए मार्ग भर में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रथयात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री द्वारकाधीश मंदिर पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना व दर्शन के उपरांत रथयात्रा पुनः दादा का दरबार (विजय हाइट्स) पहुंचकर संपन्न हुई।

108 दीपकों की महाआरती रही मुख्य आकर्षण

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 108 दीपकों से की गई भव्य महाआरती रही। जगमगाते दीपकों की रोशनी के बीच श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती में भाग लिया और देश व नगर की समृद्धि तथा खुशहाली की कामना करते हुए भगवान जगन्नाथ के चरणों में अपनी अगाध श्रद्धा अर्पित की।

सामाजिक एकता और समरसता की मिसाल

आयोजक विजय हाइट्स परिवार ने ‘एक नगर–एक परिवार’ की भावना के साथ इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्रवासियों व श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, भक्ति, भ्रातृभाव और आपसी एकता को सुदृढ़ करते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व व्यवस्था के व्यापक प्रबंध रहे तथा धार्मिक माहौल में उत्सव संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *