फतहनगर - सनवाड

श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न, बालाजी महाराज की महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को वितरित किया अन्नकूट प्रसाद

फतहनगर। नगर के श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में श्री बजरंग मंडल के तत्वावधान में रविवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बालाजी महाराज के दर्शन किए तथा धर्मलाभ लिया।

महोत्सव के अवसर पर मंदिर में बालाजी महाराज का आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। बालाजी महाराज की सिंदूरी प्रतिमा को आकर्षक गुलाबी-लाल वस्त्रों, सुंदर मालाओं एवं आभूषणों से सजाया गया। प्रतिमा के पीछे की गई आकर्षक सजावट तथा मंदिर के प्रवेश द्वार पर की गई ‘सीताराम’ की विशेष सजावट ने मंदिर की शोभा को और बढ़ा दिया।

आयोजन के तहत शाम 6.30 बजे बालाजी महाराज की विधिवत महाआरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर बालाजी महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

महोत्सव को सफल बनाने में श्री बजरंग मंडल के सदस्यों, पंडित ओमप्रकाश शर्मा एवं भक्तजनों का सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *