फतहनगर - सनवाड

बाड़ा पदमपुरा ( जयपुर ) में होगा राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलनतैयारियों को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ  की बैठक


समितियाँ बनाकर सौंपी जिम्मेदारी
फतहनगर। राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जयपुर संभाग की बैठक रविवार को शहीद अभय पारीक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय जयपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष, जयपुर संभाग अर्जुन सिंह जाट ने की। बैठक में आगामी प्रदेश सम्मेलन की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा तथा सम्मेलन को सफल बनाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने  प्रदेश सम्मेलन की पूर्व तैयारियों के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने और निर्धारित समयावधि में दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग एकत्रीकरण संतोषजनक है। 30 नवंबर तक इसे पूरा किया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दायित्वान कार्यकर्ता आवश्यक रूप से कम से एक दिन प्रवास पर गुजारे। 
प्रदेश महामंत्री महेंद्र लखारा ने प्रदेश सम्मेलन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता सामूहिक भावना के साथ कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। सम्मेलन में विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थाओं का संचालन करने पर जोर दिया।अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री बसन्त जिन्दल ने 15 नवंबर को प्रदेश भर में आयोजित जिला स्तरीय महिला सम्मेलनों की समीक्षा की। उन्होंने जयपुर संभाग के जिला मंत्रियों से इस बारे में फीडबैक लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।  इसके अतिरिक्त सम्मेलन की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न समितियों एवं कार्यदल गठित कर जिम्मेदारियां निर्धारित करने पर चर्चा की गई। इनमें टेंट-पांडाल, आवास, भोजन निर्माण, भोजन वितरण, एलईडी एवं माइक व्यवस्था, यातायात, पंजीयन, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता तथा जल व्यवस्था जैसी प्रमुख जिम्मेदारियां शामिल हैं। संचालन संभाग, संयुक्त मंत्री, मेघराज शर्मा ने किया। 
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए अगली आभासी  बैठक 30 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय हुआ। इसके बाद 13  दिसंबर को तैयारी बैठक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *