फतहनगर - सनवाड

विजयादशमी उत्सव पर फतेहनगर में कल निकलेगा भव्य पथ संचलन

विजयादशमी पर फतेहनगर में गूंजेगा संघ घोष, कल निकलेगा भव्य पथ संचलन

घोष की धुन पर कदमताल करते पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवक देंगे संगठन, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश

फतेहनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खंड फतेहनगर की ओर से विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन रविवार, 1 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर नगर में संघ के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में घोष की मधुर धुनों के साथ कदमताल करते हुए पथ संचलन करेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 3:00 बजे श्री द्वारिकाधीश मंदिर भूमि प्रांगण, उदयपुर रोड पर होगा। इसके पश्चात अपराह्न 4:45 बजे भव्य पथ संचलन प्रारंभ होगा।

पथ संचलन श्री द्वारिकाधीश मंदिर भूमि प्रांगण से प्रारंभ होकर हिमाड़िया बावजी, चंगेड़ी रोड, शिव मंदिर, कन्या पाठशाला, मंडी रोड, बस स्टैंड, मेन चौराहा, प्रताप चौराहा एवं स्टेडियम रोड होते हुए पुनः श्री द्वारिकाधीश मंदिर भूमि प्रांगण पहुंचेगा।

विजयादशमी का पर्व भारतीय संस्कृति में शक्ति, शौर्य, विजय एवं धर्म की स्थापना का प्रतीक है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में विजयादशमी का विशेष महत्व है। इसी दिन वर्ष 1925 में परम पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा संघ की स्थापना की गई थी। संघ की स्थापना का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से संगठित, समर्थ एवं संस्कारित समाज का निर्माण करना है।

संघ का पथ संचलन केवल कदमताल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज में अनुशासन, सामूहिकता, आत्मीयता, संगठन शक्ति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। गणवेशधारी स्वयंसेवकों की एकरूपता, घोष की लयबद्ध ध्वनि और अनुशासित कदम समाज को संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

संघ का विश्वास है कि राष्ट्र की उन्नति का आधार संगठित एवं जागरूक समाज है। समाज के प्रत्येक वर्ग में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता, सेवा भाव एवं कर्तव्यबोध जागृत हो, इसी उद्देश्य से संघ निरंतर व्यक्ति निर्माण एवं समाज जागरण के कार्य में संलग्न है।

आयोजन को लेकर स्वयंसेवकों में विशेष उत्साह है। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाले इस पथ संचलन के दौरान मातृशक्ति, समाजजनों एवं नगरवासियों से मार्ग के दोनों ओर उपस्थित रहकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करने तथा पुष्पवर्षा एवं आत्मीय स्वागत के माध्यम से सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।

आयोजकों ने फतेहनगर एवं आसपास के समस्त समाजजनों से परिवार सहित विजयादशमी उत्सव में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने तथा अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *