फतहनगर - सनवाड

फतहनगर में सुहागिनों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया करवा चौथ, चांद के दीदार कर खोला व्रत

फतहनगर।नगर में गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन की खुशहाली की कामना के साथ करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह से मनाया। पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही घरों में त्योहार की तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पारंपरिक वेशभूषा धारण की और विधि-विधान से करवा माता की पूजा-अर्चना की।

करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने परंपरा के अनुसार निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक दिखाई दी। महिलाओं ने व्रत की तैयारियों के लिए पूजा सामग्री, करवा, मिठाइयां, फल, मेहंदी और शृंगार से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी की। हाथों में मेहंदी रचाने और सोलह शृंगार करने को लेकर भी महिलाओं में खास उत्साह रहा।

दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर करवा चौथ की कथा सुनी तथा परंपरानुसार करवा माता से अपने परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। इसके बाद सभी को चंद्रोदय का इंतजार रहा। चंद्रमा के दर्शन होने पर महिलाओं ने छलनी से चांद और अपने पति का दीदार किया। चंद्रदेव को अर्घ्य देकर पति की लंबी आयु की कामना की और पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया।

करवा चौथ का पर्व भारतीय संस्कृति में पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास, समर्पण और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक माना जाता है। फतहनगर में भी यह पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *