फतहनगर - सनवाड

भक्तिधाम में छप्पन भोग की दिव्य छटा, महाआरती के स्वरों से गूंजा ‘राष्ट्रीय तीर्थ’

-अन्नकूट महोत्सव के पावन अवसर पर उमड़ा श्रद्धा का ज्वार

उदयपुर, 22 नवम्बर।
दीपोत्सव की पावन श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ परिसर स्थित भक्तिधाम में पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर भक्तिधाम को विविध प्रकार के व्यंजनों, मिष्ठानों और नैवेद्य की मनोहारी अन्नकूट झांकी से सुसज्जित किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि महोत्सव के दौरान आयोजित महाआरती में वैदिक मंत्रोच्चार और घंटा-घड़ियाल की मंगलध्वनि के बीच समूचा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से स्पंदित हो उठा। इस पुनीत अवसर पर उदयपुर लोकसभा सांसद एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के महामंत्री दीपक शुक्ल, कोषाध्यक्ष सीए डॉ. महावीर चपलोत, उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष भार्गव, पूर्व कुलपति डॉ. कैलाश सोडाणी, हेमेंद्र श्रीमाली, डॉ. राहुल जैन, डॉ. सुहास मनोहर, रमन सूद, डॉ. विवेक भटनागर, नारायण गमेती, जयदीप आमेटा, धर्मपाल, पार्षद प्रदीप विजयवर्गीय, मनोज जोशी, प्रो. अनिल कोठारी सहित कई गणमान्यजन व श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने ईश्वर की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। अन्नकूट की झांकी के दर्शन करने स्थानीय क्षेत्रवासी भी पहुंचे। गौरव केंद्र दर्शन करने आये पर्यटकों ने भी दर्शन किये और लौटते समय सभी को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *