फतहनगर - सनवाड

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का आज होगा शपथ ग्रहण समारोह

 पालिकाध्यक्ष ममता चपलोत, उपाध्यक्ष श्रेया गर्ग सहित पार्षद लेंगे शपथ; सनवाड़ के गणेश मंदिर से धन्यवाद यात्रा के साथ पालिका पहुंचेंगी ममता

फतहनगर 24 सितम्बर। ( विकास चावड़ा) फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को प्रातः 11:15 बजे नगरपालिका परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष श्रीमती ममता चपलोत, उपाध्यक्ष श्रीमती श्रेया गर्ग सहित नगरपालिका के सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई जाएगी। समारोह को लेकर नगरपालिका प्रशासन एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

 गणेश मंदिर से धन्यवाद एवं अभिवादन के साथ पालिका पहुंचेंगी ममता:

नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष ममता चपलोत गुरुवार सुबह 8 बजे सनवाड़ स्थित गणेश मंदिर पहुंचेंगी। यहां दर्शन एवं पूजन के बाद वे ग्रामवासियों, समर्थकों एवं नगरवासियों का धन्यवाद एवं अभिवादन करते हुए उनके साथ नगरपालिका परिसर के लिए रवाना होंगी। इसके बाद प्रातः 11:15 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी।

शपथ ग्रहण समारोह में पालिकाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के साथ नगरपालिका के नवनिर्वाचित पार्षद भी शपथ ग्रहण करेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में नगरवासियों, समर्थकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के पहुंचने की संभावना है।

 चुनाव परिणाम के बाद पहली बार औपचारिक रूप से संभालेंगे दायित्व:

फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में ममता चपलोत के निर्वाचित होने के बाद अब शपथ ग्रहण के साथ वे औपचारिक रूप से पालिकाध्यक्ष का दायित्व संभालेंगी। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित श्रेया गर्ग तथा सभी पार्षद भी शपथ लेने के बाद नगरपालिका के कामकाज में अपनी भूमिका निभाएंगे।

अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान बने राजनीतिक समीकरणों के बाद अब शपथ ग्रहण समारोह को नगरपालिका के नए बोर्ड के औपचारिक गठन की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। नगरवासियों की निगाहें अब नई परिषद के आगामी कामकाज और नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर रहेंगी।

 दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किया नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन:

इधर, राजनीतिक मतभेदों से इतर फतहनगर की सामाजिक एवं राजनीतिक परंपरा का उदाहरण बुधवार को देखने को मिला। पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कल्याणसिंह पोखरना ने अपने चतुरबाग स्थित आवास पर परिवारजनों के साथ नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

पोखरना ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष ममता चपलोत, उपाध्यक्ष श्रेया गर्ग, पार्षद राजेश चपलोत, विकास लावटी तथा श्रेया गर्ग के पति रौनक गर्ग का स्वागत किया। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल के सफल रहने तथा नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की कामना की।

इस दौरान परिवारजनों की ओर से अतिथियों का स्वागत कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में शुभकामनाएं दी गईं। चुनाव के दौरान अलग-अलग राजनीतिक खेमों में रही सक्रियता के बीच इस प्रकार का व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्तर पर किया गया अभिनंदन नगर की राजनीति में आपसी सौहार्द का संदेश देने वाला रहा।

 नई परिषद से विकास की उम्मीदें:

शपथ ग्रहण के साथ ही फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका की नई परिषद औपचारिक रूप से अपने कार्यकाल की शुरुआत करेगी। नगरवासियों को नई परिषद से सड़क, पेयजल, सफाई, बिजली, नालियों, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं के समाधान और शहर के विकास को गति देने की उम्मीद है।

अब शपथ ग्रहण के बाद पालिकाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों के सामने चुनाव के दौरान जनता के बीच रखे गए मुद्दों और अपेक्षाओं को धरातल पर उतारने की चुनौती रहेगी। गुरुवार को होने वाला समारोह इसी नई परिषद की औपचारिक शुरुआत का साक्षी बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *