फतहनगर - सनवाड

दीपावली पर अपने गांव की गलियों में पहुंचे सांसद सीपी जोशी, कड़ाही में खुद बनाने लगे जलेबी

बचपन की यादें की ताजा, पुराने परिचितों से की रामा-श्यामा, बाजार में गूंजती रही चर्चा—हमारा चंदू आज भी नहीं बदला

भादसौड़ा। राजनीति के क्षेत्र में ऐसे जनप्रतिनिधि कम ही देखने को मिलते हैं, जो पद और प्रतिष्ठा मिलने के बावजूद अपनी पुरानी जड़ों और पहचान से जुड़े रहते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा दीपावली के दिन सांसद चंद्रप्रकाश जोशी के अपने पैतृक गांव भादसौड़ा पहुंचने पर देखने को मिला। सांसद जोशी ने इस दौरान किसी औपचारिक कार्यक्रम या तामझाम के बजाय गांव की गलियों और बाजार में घूमकर बचपन की यादों को ताजा किया तथा पुराने परिचितों से आत्मीयता के साथ रामा-श्यामा की।

दीपावली के अवसर पर भादसौड़ा पहुंचे सांसद जोशी बाजार की गलियों में उसी सहज अंदाज में नजर आए, जैसे कभी बचपन में अपने दोस्तों के साथ इन गलियों में घूमते और दौड़ लगाते थे। बाजार में पुराने परिचितों और व्यापारियों से मिलते हुए जब वे एक जलेबी एवं मिठाई की दुकान पर पहुंचे तो बचपन की यादें फिर से ताजा हो गईं। यह वही दुकान थी, जहां वे बचपन में होली और दीपावली जैसे त्योहारों पर जलेबी खरीदने आया करते थे।

पुरानी यादों में खोए सांसद जोशी ने यहां अपने प्रोटोकॉल और पद की औपचारिकताओं को दरकिनार करते हुए मिठाई वाले काका के साथ जलेबी बनाने में हाथ आजमाया। कड़ाही में जलेबी बनाते सांसद को देखकर आसपास मौजूद लोग भी उत्साहित हो उठे। दुकान पर कुछ देर रुककर उन्होंने पुराने दिनों की बातें साझा कीं और आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात की।

इसके बाद सांसद जोशी बाजार में आगे बढ़े तो उस टेलर की दुकान पर भी पहुंचे, जहां कभी वे स्कूल की ड्रेस सिलवाया करते थे। हालांकि उस समय टेलर साहब दुकान पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके पुत्र से मुलाकात कर उन्होंने पुरानी यादें साझा कीं। बाजार की गलियों में घूमते हुए सांसद का यह अंदाज लोगों को उनके पुराने दिनों की याद दिलाता रहा।

दीपावली के इस अवसर पर सांसद जोशी का अपने पैतृक गांव में इस तरह सहज रूप से लोगों के बीच पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा। बाजार के व्यापारियों और ग्रामीणों के बीच दिनभर यही चर्चा होती रही कि सांसद बनने और बड़े राजनीतिक पदों तक पहुंचने के बावजूद हमारे चंदू में आज भी कोई बदलाव नहीं आया है। गांव की गलियों, पुरानी दुकानों और बचपन के परिचित चेहरों के बीच बिताए इन पलों ने दीपावली के त्योहार को उनके लिए यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *