13-12 के बहुमत के बीच क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं ने बढ़ाई सियासी हलचल, राजेश चपलोत और बाबूलाल चोपड़ा के रुख पर निगाहें
फतहनगर। फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय ममता चपलोत के जीत दर्ज करने के बाद अब निकाय उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एससी मोर्चा देहात जिलाध्यक्ष मुकेश खटीक को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने श्रेया गर्ग को मैदान में उतारा है। दोनों प्रत्याशियों के आमने-सामने आने के साथ ही नगरपालिका की राजनीति में एक बार फिर जोड़-तोड़ और रणनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नगरपालिका में भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 पार्षद हैं। संख्या बल के लिहाज से भाजपा को एक पार्षद की बढ़त हासिल है, लेकिन अध्यक्ष पद के चुनाव में सामने आए घटनाक्रम ने उपाध्यक्ष चुनाव का गणित भी दिलचस्प बना दिया है। अध्यक्ष पद के मतदान में निर्दलीय प्रत्याशी ममता चपलोत को 14 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी सीमा सोनी को 11 मत प्राप्त हुए। इस परिणाम के बाद उपाध्यक्ष चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग की संभावना को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं चल रही हैं।
राजेश चपलोत और बाबूलाल चोपड़ा पर टिकी निगाहें:
अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान भाजपा खेमे से राजेश चपलोत और बाबूलाल चोपड़ा के पार्टी प्रत्याशी से अलग रुख अपनाने की चर्चा सामने आई थी। दोनों पार्षदों द्वारा निर्दलीय ममता चपलोत के पक्ष में मतदान किए जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में उपाध्यक्ष चुनाव में इन दोनों पार्षदों के रुख को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
हालांकि मतदान से पहले किसी भी पार्षद के अंतिम निर्णय को लेकर निश्चित तौर पर कुछ कहना संभव नहीं है। यही वजह है कि भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 के आंकड़े के बावजूद उपाध्यक्ष चुनाव पूरी तरह संख्या बल का सीधा मुकाबला नहीं रह गया है।
दोस्ती से बड़ी पार्टी लाइन—मुकेश खटीक ने दिया था संदेश
भाजपा प्रत्याशी मुकेश खटीक और भाजपा पार्षद राजेश चपलोत के बीच घनिष्ठ मित्रता की चर्चा भी राजनीतिक हलकों में है। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान खटीक द्वारा पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की बात सामने आई थी। इसे पार्टी लाइन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।
अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव में यही पहलू राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है कि भाजपा प्रत्याशी मुकेश खटीक अपने पक्ष में पार्टी के सभी पार्षदों को एकजुट रख पाते हैं या अध्यक्ष चुनाव जैसी स्थिति एक बार फिर देखने को मिलती है।
उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान आज दोपहर दो बजे बाद होगा। मतदान के बाद मतगणना के साथ ही यह साफ हो जाएगा कि 13-12 के संख्या बल वाली नगरपालिका में भाजपा अपना उपाध्यक्ष बनाने में सफल रहती है या कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के बाद एक और राजनीतिक उलटफेर करने में कामयाब होती है।
अध्यक्ष चुनाव के अप्रत्याशित परिणाम के बाद अब उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी फतहनगर-सनवाड़ की स्थानीय राजनीति के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा जहां अपने 13 पार्षदों के समर्थन को बरकरार रखने की रणनीति में है, वहीं कांग्रेस के सामने 12 पार्षदों के साथ आवश्यक समर्थन जुटाने की चुनौती है। ऐसे में मतदान के अंतिम क्षण तक पार्षदों के रुख को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।

Leave a Reply