सोनल प्रजापत ने जीता स्वर्ण और रजत पदक, जगदीश व भगवती लाल ने कांस्य पदक हासिल किए
मावली। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयी वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजिक प्रतियोगिताओं में मावली महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में पदक हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में खुशी की लहर छा गई।
प्रतियोगिता के महिला पावरलिफ्टिंग वर्ग की 69 किलोग्राम भार श्रेणी में महाविद्यालय की छात्रा सोनल प्रजापत ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला वेटलिफ्टिंग की 69 किलोग्राम भार श्रेणी में भी सोनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसी प्रकार, बेस्ट फिजिक प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाड़ी जगदीश तेली एवं भगवती लाल तेली ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
खिलाड़ियों के महाविद्यालय पहुंचने पर प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और खेल के प्रति समर्पण के परिणामस्वरूप यह सफलता मिली है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और संस्थान का नाम रोशन करेंगे।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए महाविद्यालय के खेल निदेशक एवं कोच डॉ. नागेंद्र सिंह सोलंकी के कुशल मार्गदर्शन की भी सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. भारती चौहान, डॉ. पीनल जैन, डॉ. नीलम चौधरी, डॉ. नरपत परमार, डॉ. राखी खरवार, जितेंद्र सिंह चुंडावत, वीरेंद्र सिंह शक्तावत सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों एवं प्रबंधन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply