उदयपुर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से रविवार को उदयपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्या भारती राजस्थान के क्षेत्र प्रचार प्रमुख नवीन कुमार ने कहा कि संस्था शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में भारतीय जीवन-मूल्यों, संस्कृति, संस्कार, सेवा भावना, राष्ट्रीयता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
नवीन कुमार ने बताया कि विद्या भारती देश का प्रमुख गैर-सरकारी शिक्षा संस्थान है। इसकी शैक्षिक यात्रा वर्ष 1952 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शुरू हुई थी। वर्तमान में संस्था देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों में विद्यालयों तथा अनौपचारिक शिक्षा केंद्रों के माध्यम से शिक्षा एवं संस्कार निर्माण का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और अजमेर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष रूप से जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा की पहुंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रांत में वर्तमान में 38 प्राथमिक, 85 उच्च प्राथमिक, 76 माध्यमिक तथा 35 उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इन संस्थानों के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य समाज के वंचित एवं पिछड़े क्षेत्रों तक शिक्षा और संस्कार पहुंचाना है। इसके लिए संस्कार केंद्र, एकल शिक्षक विद्यालय तथा अन्य शैक्षणिक माध्यमों के जरिए भी कार्य किया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के साथ योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में ‘सप्तशक्ति संगम’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही 25 सितंबर 2026 को आयोजित ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता का उल्लेख किया गया।
नवीन कुमार ने कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण करना है, जो शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक रूप से सक्षम होने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सके। संस्था विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति के भाव विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
पत्रकार वार्ता में प्रचार विभाग, विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संस्था की आगामी शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।

Leave a Reply