उदयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के ढीकली स्थित नाकोड़ा विहार में चोरों ने नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय पीड़ित परिवार पारिवारिक कार्य से अजमेर गया हुआ था। चोर करीब तीन घंटे तक घर में रहे और कमरों के दरवाजों के नकूचे व अलमारियों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार नगर निगम में स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाषचंद्र पुत्र स्वर्गीय जमनालाल शर्मा निवासी नाकोड़ा विहार, ढीकलीवाड़ा ने प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि वे परिवार सहित 26 सितंबर को पारिवारिक कार्य से अजमेर गए थे। रात करीब डेढ़ बजे चोरों ने सूना मकान देखकर मुख्य दरवाजे के ताले तोड़े और अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने घर के कमरों के दरवाजों के नकूचे तोड़ने के साथ ही अलमारियों के ताले भी तोड़ दिए। इसके बाद अलमारियों में रखी करीब 1.25 लाख रुपए की नकदी तथा करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने पलंग के बॉक्स और अलमारियों में रखे कपड़े भी निकालकर पूरे घर में बिखेर दिए।
सीसीटीवी में कैद हुई गतिविधियां
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों के आने-जाने की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस के अनुसार चोर रात करीब डेढ़ बजे घर में दाखिल हुए और तड़के करीब साढ़े चार बजे तक मकान में रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद जाते समय चोरों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर नीचे गिरा दिया।
गैंती से तोड़ा मुख्य दरवाजा
चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे को तोड़ने के लिए गैंती का इस्तेमाल किया। सुबह पड़ोसियों ने मकान के दरवाजे टूटे हुए और घर के अंदर सामान बिखरा देखा तो मोबाइल पर पीड़ित को सूचना दी। सूचना मिलने पर सुभाषचंद्र अजमेर से वापस लौटे और प्रतापनगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने किया मौका मुआयना
चोरी की सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्रतापसिंह को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply