करीब एक माह बाद कार्यालय पहुंचने पर लंबित कार्यों को लेकर हुई बातचीत, काम करने से इनकार करने का जनप्रतिनिधियों ने लगाया आरोप
फतहनगर। नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ में बुधवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब करीब एक माह से कार्यालय में अनुपस्थित बताए जा रहे अधिशासी अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उनके पहुंचने पर नगरपालिका अध्यक्ष ममता राजेश चपलोत, उपाध्यक्ष श्रेया रौनक गर्ग सहित उपस्थित पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने आमजन के लंबित कार्यों और नगरपालिका की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर उनसे चर्चा की। बताया गया कि इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अधिशासी अधिकारी से नगरपालिका के नियमित कार्य सुचारू रूप से संचालित करने तथा आम नागरिकों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने का आग्रह किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि अधिशासी अधिकारी ने कार्य करने में असमर्थता जताते हुए कुछ राजनीतिक लोगों के कहने पर काम नहीं करने की बात कही।
इस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नगरपालिका में आने वाले आम नागरिकों के कार्य नियमानुसार करना प्रशासनिक अधिकारी की जिम्मेदारी है। किसी भी परिस्थिति में आमजन के कामकाज प्रभावित नहीं होने चाहिए।
पार्षदों के बाहर निकलने के बाद अधिकारी के खिसकने का आरोप: घटनाक्रम के दौरान एक और स्थिति चर्चा का विषय बन गई। जनप्रतिनिधियों के अनुसार, जब पार्षद अधिकारी के कक्ष से बाहर निकले तो अधिशासी अधिकारी अपने कक्ष से निकल लिए। इस दौरान उनकी गाड़ी नगरपालिका परिसर में ही खड़ी रही। इस घटनाक्रम को लेकर मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित कई पार्षद रहे मौजूद: इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष ममता राजेश चपलोत, उपाध्यक्ष श्रेया रौनक गर्ग तथा पार्षद विकास लावटी, बाबूलाल चोपड़ा, किशन गुर्जर, राजेश चपलोत, सरोज, धर्मेश चपलोत, रीना कंवर, प्रह्लाद सिंह, गीता, गोवर्धन खटीक, सोसर देवी भील, मीना देवी जाट, रेहाना बोहरा, रतन मीणा एवं शरीफ मोहम्मद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लंबित कार्यों को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटनाक्रम के बाद नगरपालिका में आमजन के लंबित कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि नगरपालिका आम नागरिकों की सुविधा के लिए संचालित संस्था है और यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का कार्य नियमानुसार समय पर होना चाहिए।
जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं स्वायत्त शासन विभाग से पूरे मामले का संज्ञान लेकर स्थिति की जांच करवाने तथा नगरपालिका के कामकाज को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और नगरपालिका में लंबे समय से लंबित बताए जा रहे आमजन के कार्यों का निस्तारण कब तक हो पाता है।

Leave a Reply