फतहनगर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव कार्यों के सुचारू संचालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आकस्मिक शासकीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी मावली रमेश सीरवी पुनाड़िया ने अधिकारियों और कर्मचारियों के मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, उपखंड मावली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं तकनीकी कार्मिकों को बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने और आवश्यक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
अवकाश के लिए लेनी होगी अनुमति
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी प्रकार का अवकाश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर की अनुमति के बिना स्वीकृत नहीं किया जाएगा। सभी विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की मुख्यालय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन सुबह और शाम उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे मोबाइल चालू रखना अनिवार्य
चुनाव संबंधी सूचनाओं और निर्देशों के त्वरित संप्रेषण के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनसे तत्काल संपर्क किया जा सके और चुनाव संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो।
लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
उपखंड अधिकारी ने निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। बिना सक्षम अनुमति के मुख्यालय छोड़ने अथवा चुनाव संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं विधिक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply