फतहनगर - सनवाड

फतहनगर में तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक महोत्सव 18 अक्टूबर से, किकू शारदा और हेमंत ब्रजवासी होंगे मुख्य आकर्षण

तीन दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भजन संध्या, शोभायात्रा और भव्य आतिशबाजी से गूंजेगा फतहनगर

फतहनगर (विकास चावड़ा)।नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ की ओर से 18 से 20 अक्टूबर 2026 तक राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतहनगर के प्रांगण में तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक, धार्मिक एवं भक्तिमय महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में हास्य कलाकारों की प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विशाल भजन संध्या, भव्य शोभायात्रा, राम दरबार की महाआरती और रावण दहन सहित विभिन्न आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध हास्य कलाकार किकू शारदा, अभिनेत्री मोनिका भदौरिया और भजन गायक हेमंत ब्रजवासी की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

पहले दिन होगी लाफ्टर नाइट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

18 अक्टूबर, रविवार को शाम 7:15 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लाफ्टर नाइट का आयोजन होगा। इसमें ‘द कपिल शर्मा शो’ फेम कॉमेडियन किकू शारदा और ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बावरी की भूमिका निभाने वाली मोनिका भदौरिया अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

कार्यक्रम में जसु खां, अशोक गंधर्व (एक्स फैक्टर), दिव्यांश वर्मा (द वॉइस ऑफ इंडिया), मुस्कान पांडे और विश्व रिकॉर्ड बांसुरी वादक विक्रम कनेरिया भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही कोलकाता के क्रेजी हॉपर ग्रुप, भोपाल के आरबीएम डांस ग्रुप तथा बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के महावीर ग्रुप की नृत्य प्रस्तुतियां एवं भव्य झांकियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

दूसरे दिन आवरी माता के नाम होगी विशाल भजन संध्या

19 अक्टूबर, सोमवार को शाम 7:15 बजे ‘एक शाम आवरी माता जी के नाम’ विशाल भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें सा रे गा मा पा विजेता एवं इंडियन आइडल फाइनलिस्ट हेमंत ब्रजवासी, उज्जैन महाकाल फेम नितिन बागवान, निर्गुणी भजन गायक संत प्रकाशदासजी महाराज, सोनू सिसौदिया और महेंद्रसिंह राठौड़ भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।

भजन संध्या के दौरान दिल्ली की प्रसिद्ध झांकियों के माध्यम से मेलड़ी माताजी, श्रीनाथजी और दुर्गा स्वरूप का मंचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम का मंच संचालन विनायक जोशी करेंगे।

तीसरे दिन निकलेगी शोभायात्रा, होगा रावण दहन

20 अक्टूबर, मंगलवार को महोत्सव के अंतिम दिन दोपहर 3 बजे अखाड़ा मंदिर, फतहनगर से राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें अखाड़ा प्रदर्शन सहित विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

शाम 6 बजे दिल्ली के अतुल पंडित के डिवोशनल बैंड ‘आराध्यम्’ की ओर से भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद राम दरबार में 2,000 दीपकों के साथ बटुक पंडितों द्वारा रामलला की महाआरती की जाएगी। महोत्सव के समापन अवसर पर भव्य आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।

नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर नगरवासियों में उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है। आयोजन के माध्यम से सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक आस्था और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

स्थान: राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर, फतहनगर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *