फतहनगर - सनवाड

नवरात्रि महोत्सव: पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत ने किया आवरी माता शक्तिपीठ मेले का उद्घाटन


फतहनगर। नवरात्रि महोत्सव के तहत फतेहनगर स्थित आवरी माता शक्तिपीठ मेला प्रांगण में धार्मिक उल्लास और उत्साह के बीच मेले का शुभारंभ हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं दीं तथा माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

उद्घाटन कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत के पति एवं पार्षद राजेश चपलोत, पूर्व पार्षद डॉ. गजेन्द्र सिंह रावल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवरात्रि महोत्सव के आयोजन को धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक बताया। मेले के उद्घाटन के बाद पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत ने डांडिया कार्यक्रम में भी शिरकत की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं एवं आयोजन में भाग लेने वाले लोगों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित डांडिया कार्यक्रम में देवी आराधना के साथ पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली। इसके पश्चात पालिका अध्यक्ष ने आवरी माता शक्तिपीठ में माताजी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्रि के दौरान शक्तिपीठ में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आवरी माता शक्तिपीठ परिसर में आयोजित मेले से नवरात्रि महोत्सव की रौनक बढ़ गई है। धार्मिक आयोजन, डांडिया कार्यक्रम और मेले का माहौल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *