रोमांचक मुकाबलों में फतह एकेडमी व थामला ने दर्ज की जीत
घासा। तहसील मुख्यालय घासा में आयोजित श्री चामुंडा माता पशु मेले के तहत स्वर्गीय शंभू सिंह झाला स्मृति 32वीं ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को तहसील कार्यालय परिसर स्थित वॉलीबॉल खेल मैदान पर हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत घासा के सरपंच प्रतिनिधि राहुल वैष्णव एवं नवगठित ग्राम पंचायत मंडी की मंगरी के सरपंच प्रतिनिधि रामलाल डांगी रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अनुशासनपूर्वक खेलने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला फतह एकेडमी फतहनगर एवं नेगड़िया के बीच खेला गया, जिसमें फतह एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। प्रथम राउंड में तारावट की टीम के नहीं पहुंचने पर फतहनगर को वॉकओवर मिला। इसके बाद फतहनगर एवं घासा तहसील की टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें फतहनगर ने 2-0 से बाजी मारी। वहीं सायंकालीन सत्र में मांडक का गुड़ा एवं थामला के बीच हुए मुकाबले में थामला ने 2-0 से जीत हासिल की। एक अन्य मुकाबले में फतह एकेडमी ने कल्याण सेवा लक्ष्मणपुरा को 2-0 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता सचिव विनोद पुरोहित, संयोजक गणपत सिंह सोडावास, निर्णायक एवं घासा ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ के सचिव गोपाल मेहता मेनारिया , राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला माध्यमिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ घासा ब्लॉक अध्यक्ष दिनपाल सिंह सारंगदेवोत, हिम्मत सिंह राव, गजेंद्र सिंह झाला, माध्यमिक शिक्षा शारीरिक शिक्षक वाकपीठ राजसमंद के जिलाध्यक्ष प्रहलाद सिंह झाला तथा सहित खेलप्रेमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।


Leave a Reply