फतहनगर - सनवाड

खेलो राजस्थान गेम्स 2026 का आगाज 1 दिसंबर से, 16 नवंबर तक होंगे ऑनलाइन पंजीकरण

ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक आयोजित होंगी खेल प्रतियोगिताएं, तीन चरणों में 12 खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

फतहनगर। राजस्थान सरकार की ओर से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से खेलो राजस्थान गेम्स 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक खिलाड़ी 16 नवंबर 2026 तक अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 1 दिसंबर 2026 से होगा।

आयोजन में गांवों और शहरों के युवा, खिलाड़ी तथा छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। इसमें आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। पंजीकरण के लिए प्रतिभागियों को खेलो राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइट khelorajasthan.rajasthan.gov.in पर जन-आधार के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

तीन चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं

खेलो राजस्थान गेम्स का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण 1 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। इसमें एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, रस्साकशी और तीरंदाजी की प्रतियोगिताएं होंगी।

द्वितीय चरण 1 अप्रैल से 15 मई 2027 तक संभावित है। इसमें कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और निशानेबाजी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वहीं तृतीय चरण 15 अगस्त से 30 सितंबर 2027 तक संभावित है, जिसमें खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और सतोलिया की प्रतियोगिताएं होंगी।

ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक मिलेगा मौका

प्रतियोगिताओं का आयोजन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। सबसे पहले ग्राम पंचायत एवं शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर मुकाबले होंगे। इसके बाद ब्लॉक, जिला और अंत में राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस व्यवस्था से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

सरकार की इस खेल पहल से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने और नई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलने की उम्मीद है। इच्छुक खिलाड़ी अंतिम तिथि 16 नवंबर से पूर्व अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *