8 ओपनवेल और 45 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन से सुधरेगी पेयजल व्यवस्था
फतहनगर ( विकास चावड़ा )। फतहनगर-सनवाड़ नगर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से अमृतम जलम् योजना के तहत महत्वपूर्ण परियोजना शुरू की गई है। योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र में 8 ओपनवेल (खुले कुओं) का निर्माण तथा करीब 45 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इससे विभिन्न मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन को राहत पहुंचाने की उम्मीद है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता चपलोत के पति एवं पार्षद राजेश चपलोत ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य नगर के उन क्षेत्रों में पेयजल समस्या का समाधान करना है, जहां लोगों को लंबे समय से पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। योजना के क्रियान्वयन से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पार्षद राजेश चपलोत ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार एवं नगर पालिका के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमृतम जलम् योजना फतेहनगर-सनवाड़ की पेयजल व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी और क्षेत्र के विकास में नया अध्याय जोड़ेगी।

Leave a Reply