फतहनगर। प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (डीएमएफटी) के तहत फतहनगर-सनवाड़ क्षेत्र में शिक्षा, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं। चित्तौड़गढ़ सांसद एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी तथा मावली विधानसभा प्रभारी कृष्ण गोपाल पालीवाल के विशेष प्रयासों से नगर पालिका क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है।
स्वीकृत कार्यों में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सनवाड़ में 30 लाख रुपये की लागत से हॉल निर्माण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सनवाड़ में 24 लाख रुपये से दो कक्षा-कक्षों का निर्माण, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, वासनीमाफी में 12 लाख रुपये की लागत से डोम निर्माण तथा फतहनगर में 25 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक बालिका पुस्तकालय का निर्माण शामिल है। इसके अलावा फतहनगर एवं सनवाड़ में एक करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण भी कराया जाएगा।
इन विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा एवं खेल सुविधाओं का विस्तार होने के साथ विद्यार्थियों और आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
भाजपा मंडल फतहनगर-सनवाड़ अध्यक्ष नितिन सेठिया ने क्षेत्रवासियों की ओर से सांसद सी.पी. जोशी एवं मावली विधानसभा प्रभारी कृष्ण गोपाल पालीवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply