फतहनगर। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत नगरपालिका फतहनगर-सनवाड़ के अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर 2026, सोमवार को होगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन दोपहर 2 बजे से नगरपालिका कार्यालय हॉल में मतगणना शुरू की जाएगी। मतदान एवं मतगणना को लेकर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के संबंध में विशेष निर्देश जारी किए हैं।
100-100 मीटर क्षेत्र में मार्ग रहेगा बंद:
रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस-नोट के अनुसार, नगरपालिका कार्यालय हॉल के बाहर स्थित दरीबा–सनवाड़ चौकड़ी मार्ग पर दोनों ओर से 100-100 मीटर क्षेत्र में यातायात सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान आमजन एवं वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा।
इस मार्ग से गुजर सकेंगे वाहन:
दरीबा एवं सनवाड़ की ओर से चौकड़ी जाने वाले वाहन उप तहसील कार्यालय के बाईं ओर स्थित सड़क से सनसिटी सनवाड़ होते हुए चौकड़ी की ओर जा सकेंगे। इसी प्रकार चौकड़ी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी यही वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था लागू रहेगी। प्रशासन के अनुसार 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान भी यही यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
बिना पास प्रवेश पर रोक:
मतदान एवं मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा अधिकृत फोटोयुक्त पास धारकों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। नगरपालिका एवं अन्य राजकीय कर्मचारियों को भी फोटोयुक्त पहचान पत्र अथवा अधिकृत पास प्रस्तुत करने पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
परिसर में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध:
मतदान एवं मतगणना स्थल के परिसर में मोबाइल फोन ले जाने एवं उसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने सभी संबंधित व्यक्तियों से जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने का आग्रह किया है।
प्रशासन ने आमजन से मतदान एवं मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा निर्धारित डायवर्जन के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply