
चित्तौड़गढ़, 24 अप्रैल।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार शाम को शहर स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेडियम के समग्र विकास, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने इंडोर स्टेडियम सहित परिसर में स्थित विभिन्न खेल स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने टिन शेड, बास्केटबॉल कोर्ट, बॉक्सिंग हॉल, बैडमिंटन हॉल, जिम सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा और उनकी वर्तमान स्थिति का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों एवं जिम उपयोगकर्ताओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत चिन्हित कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने जिला खेल अधिकारी को स्टेडियम की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही संपूर्ण स्टेडियम के रिनोवेशन हेतु विस्तृत एस्टीमेट तैयार करने, आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था विकसित करने, खेल मैदानों के रखरखाव में सुधार लाने तथा परिसर को हरित बनाने के लिए व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश भी प्रदान किए।
उन्होंने यूआईटी, नगर परिषद एवं जिला परिषद को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि स्टेडियम को एक आदर्श खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाए, जिससे जिले के खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, नगर परिषद आयुक्त कृष्ण गोपाल माली, जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
