फतहनगर - सनवाड

सिटीपीटी सेट में ब्लास्ट से अंधेरे में डूबा फतहनगर, तीन घंटे तक गर्मी से परेशान रहे लोग


फतहनगर। 132 केवी जीएसएस नाथुवास पर सिटीपीटी सेट में अचानक ब्लास्ट होने से बुधवार देर रात उपखंड नाथद्वारा क्षेत्र से जुड़े सभी 33 केवी फीडरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। तकनीकी खराबी के चलते फतहनगर सहित आसपास के कई क्षेत्र अंधेरे में डूब गए और भीषण गर्मी के बीच लोगों को करीब तीन घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे 132 केवी जीएसएस नाथुवास पर लगे सिटीपीटी सेट में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा की दृष्टि से उपखंड नाथद्वारा से संबंधित सभी 33 केवी फीडरों की सप्लाई बंद करनी पड़ी। इससे नाथद्वारा शहर, खमनौर, देलवाड़ा, बिलौता तथा फतहनगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।घटना के बाद प्रसारण निगम के अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। सहायक अभियंता, प्रसारण निगम द्वारा प्रारंभिक रूप से विद्युत आपूर्ति बहाल करने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगने का अनुमान जताया गया था, लेकिन तकनीकी कार्य में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण सप्लाई देर रात तक बाधित रही।बिजली गुल होने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद हो गए, जिससे उमस और गर्मी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। रात के समय छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर बैठने को मजबूर दिखाई दिए।लगातार तीन घंटे से अधिक समय तक अंधेरा छाए रहने से आमजन में परेशानी और नाराजगी भी देखने को मिली। देर रात करीब पौने दो बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। निगम के कर्मचारियों ने पूरी रात मशक्कत कर फॉल्ट को ठीक किया और सप्लाई को पुनः सुचारू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *