फतहनगर - सनवाड

सनातन के विरुद्ध षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं करेगा हिंदू समाज : बजरंग बागड़ा,विश्व हिन्दू परिषद की दो दिवसीय चित्तौड़ प्रांत बैठक फतहनगर में प्रारंभ


फतहनगर। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की दो दिवसीय चित्तौड़ प्रांत स्तरीय बैठक का शनिवार को फतहनगर में शुभारंभ हुआ। बैठक में चित्तौड़ प्रांत के 27 जिलों से लगभग 300 जिला स्तरीय दायित्ववान कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने कहा कि वर्तमान में राम मंदिर में हुई चोरी की घटना की आड़ लेकर कुछ असामाजिक तत्व सनातन धर्म को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज ऐसे किसी भी षड्यंत्र को बर्दाश्त नहीं करेगा। समाज को संगठित होकर लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से ऐसे प्रयासों का विरोध करना चाहिए तथा सनातन धर्म के सम्मान और संरक्षण के लिए सदैव सजग रहना चाहिए।

संत सान्निध्य में उपस्थित अवधूत जी महाराज ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा गौ-रक्षा के प्रति जनजागरण अभियान को गति देने का आह्वान किया।

बैठक के दूसरे सत्र में क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद जी भाईसाहब ने विश्व हिन्दू परिषद के आगामी संगठनात्मक, सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने तथा संगठन की गतिविधियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

दो दिवसीय प्रांतीय बैठक में संगठन विस्तार, सेवा, सुरक्षा, संस्कार, गौ-रक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विभिन्न सत्रों में विस्तार से मंथन किया जाएगा।

विहिप भिंडर जिला मंत्री रमेश सांगावत एवं निखिल खडेलवाल ने बताया कि बैठक में क्षेत्र मंत्री सुरेश उपाध्याय, प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह, प्रांत मंत्री कौशल जी, प्रांत सह मंत्री युधिष्ठिर सिंह हाड़ा, बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक करण सहित क्षेत्र एवं प्रांत के अनेक पदाधिकारी उपस्थित हैं।

बैठक में भिंडर जिला टोली के सोहन दास, हिम्मत भट्ट, कालू टेलर, सूरज, भुवनेश्वर, रतन, रवि, तूफान सिंह, धनिशा डांगी, अशोक कंवर सहित अनेक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *