Home>>फतहनगर - सनवाड>>श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड की बजट बैठक सम्पन्न, 579 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार
फतहनगर - सनवाड

श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड की बजट बैठक सम्पन्न, 579 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार

चित्तौड़गढ़, 18 अप्रैल।
श्री सांवलियाजी मंदिर मंदिर मंडल की बजट बैठक गोकुल विश्रांति गृह में आयोजित की गई, जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष के लिए आय-व्यय एवं विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वित्त वर्ष 2025-2026 के लिए समस्त स्त्रोतों से कुल अनुमानित आय 42100.00 लाख रुपये के विरुद्ध संशोधित अनुमानित आय 41139.00 लाख रुपये तथा अनुमानित व्यय 42100.00 लाख रुपये के विरुद्ध संशोधित अनुमानित व्यय 12814.00 लाख रुपये का अनुमोदन किया गया।
वहीं, चालू वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए मंदिर मंडल द्वारा समस्त व्यवस्थाओं के संचालन, निर्माण एवं विकास कार्यों सहित कुल 57900.00 लाख रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है। इस बजट में मंदिर व्यवस्था, परम्परागत महाप्रसाद, साधु-संतों एवं असहाय गरीबों को भोजन व्यवस्था, कार्मिकों के वेतन-भत्ते, यात्रा एवं चिकित्सा व्यय, वाहन ईंधन एवं संधारण, मशीनरी व उपकरण क्रय एवं रख-रखाव, कार्यालय संचालन, विज्ञापन-प्रचार, विद्युत, जल एवं स्वच्छता व्यवस्था, मेला आयोजन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, गौशाला संचालन, कृषि कार्य, चिकित्सा शिविर, शैक्षणिक गतिविधियां, निर्माण एवं विकास कार्य, अनुदान, शुल्क एवं ब्याज भुगतान, भोजनशाला संचालन, नवाचार एवं प्रसाद व्यवस्था सहित विभिन्न मदों में व्यय का विस्तृत प्रावधान शामिल है।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने, गौशाला के विकास, मंदिर से जुड़े प्रमुख मार्गों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, मंदिर परिसर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विभिन्न स्थानों पर टॉयलेट कॉम्प्लेक्स निर्माण, शेष स्टोन फसाड कार्य पूर्ण कराने तथा पूर्व में पारित प्रस्तावों के अनुरूप निर्माण एवं विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने की। इस अवसर पर विधायक कपासन अर्जुन लाल जीनगर, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू, सदस्यगण मिठू लाल जाट, किशन लाल अहीर, पवन तिवारी, हरिराम गाडरी, रामलाल गुर्जर, मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभा गौतम, वरिष्ठ लेखाधिकारी राघव शर्मा, सहायक अभियंता रोहित मेहता, प्रशासनिक अधिकारी एवं नायब तहसीलदार शिवशंकर पारिक, प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता (विद्युत) सुनील कटारा एवं संपदा प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!