फतहनगर। शिक्षक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) एबीआरएसएम राजस्थान द्वारा 14 मई 2026 गुरुवार को मावली उपखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार के साथ लगातार संवाद के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से प्रदेशभर के शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 1 बजे उपखंड मुख्यालय पर शिक्षक एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। संगठन ने क्षेत्र के सभी शिक्षक साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
संगठन की प्रमुख मांगों में शिक्षकों के ग्रीष्मावकाश सहित सभी अवकाश यथावत रखने, शिविरा पंचांग में संशोधन करने, तृतीय श्रेणी सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण शीघ्र करने तथा लंबित पदोन्नतियां जारी करने की मांग शामिल है। इसके अलावा क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति, स्टॉफिंग पैटर्न के अनुसार पद सृजन, शिक्षकों को गैर शैक्षिक कार्यों से मुक्त करने, आरजीएचएस व्यवस्था को सुचारू रखने तथा वेतन विसंगतियों के समाधान की मांग भी उठाई जाएगी।
महासंघ ने संविदा शिक्षकों को नियमित करने, टीएसपी से नॉन टीएसपी में समायोजित शिक्षकों को गृह जिलों में समायोजन देने तथा कंप्यूटर अनुदेशकों के कैडर का पुनर्निर्धारण करने की मांग भी रखी है।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की एकजुटता ही उनकी ताकत है और अधिक संख्या में उपस्थिति से ही समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।
धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की अपील अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खंड मावली के अध्यक्ष शंकरलाल जाट लदाना, मंत्री भूपेन्द्र कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष सोहनलाल जाट, महिला मंत्री अमृता शर्मा एवं समस्त कार्यकारिणी द्वारा की गई।

Leave a Reply