फतहनगर। नगर पालिका द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर के दूसरे दिन शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। पालिका के अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र, मैन चौराहा एवं पुराने बाजार में कार्रवाई करते हुए सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क पर रखे विज्ञापन बोर्ड, स्टैंड, सामान एवं अन्य अवरोधक सामग्री को जब्त किया गया, वहीं कई स्थानों पर किए गए पक्के अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।

पालिका की कार्रवाई दोपहर से शुरू हुई, जिससे बाजार क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा। मैन चौराहा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और कई बार जाम जैसी स्थिति भी बनी, हालांकि पालिका कर्मियों और पुलिस की मौजूदगी में यातायात को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया गया।
अभियान की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठानों के बाहर रखा सामान और अस्थायी अतिक्रमण हटा लिया। पालिका की टीम ने दुकानदारों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर सामान नहीं रखने तथा सड़क की सीमा का पालन करने की समझाइश भी दी।
पालिका अधिकारियों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के कारण आमजन और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से मुख्य बाजार और पुराने बाजार की सड़कों पर दुकानों के बाहर सामान रखे जाने से सड़कें संकरी हो गई थीं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए शहरी सेवा शिविर के तहत यह विशेष अभियान चलाया गया।
अतिक्रमण हटने के बाद मैन चौराहा और पुराने बाजार का स्वरूप बदला-बदला नजर आया। सड़कें पहले की तुलना में अधिक चौड़ी और व्यवस्थित दिखाई दीं, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम हुआ। स्थानीय नागरिकों ने भी पालिका की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा। साथ ही दुकानदारों और नागरिकों से नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।


Leave a Reply