फतहनगर। स्थानीय विद्या निकेतन विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय भैया वर्ग कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का रविवार को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। शनिवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में उदयपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 280 छात्र खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कबड्डी में खेरवाड़ा और सेमारी का दबदबा
कबड्डी के बाल वर्ग में खेरवाड़ा की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि सेमारी उपविजेता रही। किशोर वर्ग में सेमारी ने वल्लभनगर को पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की। तरुण वर्ग में सेमारी विजेता तथा झाड़ोल की टीम उपविजेता रही।

खो-खो में फतहनगर और सनवाड़ का शानदार प्रदर्शन
खो-खो के बाल वर्ग में सनवाड़ की टीम विजेता तथा खेरवाड़ा उपविजेता रही। किशोर वर्ग में फतहनगर ने विजेता का खिताब जीता, जबकि खेरवाड़ा की टीम उपविजेता रही। तरुण वर्ग में सेक्टर-4 उदयपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और झाड़ोल उपविजेता रहा।
जिला स्तर पर विजेता रहीं टीमें आगामी प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में उदयपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले निर्णायकों को भी प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र आमेटा एवं तुलसीराम लोहार ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया। जिला संस्कार केंद्र प्रमुख राजेश चौबीसा ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विद्या भारती संस्थान, उदयपुर के जिला सह-सचिव प्रभात आमेटा ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी प्रांत स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक तैयारियों एवं अनुशासन के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष लक्ष्मी लाल अग्रवाल, भगवानलाल माली, शंकर लाल चावड़ा, प्रभात चंद्र आमेटा एवं राजेश चौबीसा सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका संतोष भट्ट, मोहनलाल छीपा एवं हेमराज जाट ने निभाई। अंत में ध्वज अवतरण एवं राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ।


Leave a Reply