फतहनगर। धार्मिक नगरी फतहनगर में गुरुवार को श्रद्धा और सम्मान का वातावरण देखने को मिला, जब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज के नगर आगमन पर स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा उनका भावभीना स्वागत किया गया। गोविंद देव महाराज कपासन में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए क्षेत्र में आए थे। इसी दौरान उनके फतहनगर आगमन पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व गणपत लाल स्वर्णकार ने किया। इस अवसर पर अशोक मोर, विकास सोनी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं अभिनंदन कर उनका स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण एवं राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने में ट्रस्ट की भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने गोविंद देव महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रीराम मंदिर से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर चर्चा की। स्वागत समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply