फतहनगर। नगर के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहे रामेश्वर लाल खंडेलवाल के निधन से नगर में शोक की लहर व्याप्त हो गई। उनके स्वर्गवास को मोक्षधाम विकास समिति सहित समस्त नगरवासियों ने अपूरणीय क्षति बताया है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आज फतेहनगर मोक्षधाम जिस सुव्यवस्थित एवं विकसित स्वरूप में दिखाई देता है, उसमें स्वर्गीय खंडेलवाल का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने पूरे नगर में जनसहयोग से राशि एकत्रित कर मोक्षधाम में बाउंड्रीवाल सहित अनेक आवश्यक सुविधाओं का विकास करवाया। उनके प्रयासों से मोक्षधाम को नई पहचान मिली तथा अंतिम संस्कार स्थल पर श्रद्धालुओं एवं परिजनों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकीं।
मोक्षधाम विकास समिति ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय खंडेलवाल समाजसेवा के साथ-साथ धार्मिक आस्था से भी जुड़े हुए थे। वे श्री द्वारकाधीश मंदिर के अनन्य भक्त रहे और धार्मिक आयोजनों में सदैव सक्रिय भूमिका निभाते थे।
समिति एवं नगरवासियों ने भगवान श्री द्वारिकाधीश से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply