फतहनगर - सनवाड

महुड़ा (मेवाड़) में श्री पिपलाज माताजी पाटोत्सव एवं ध्वजा दंड आरोहण महोत्सव 24-25 मई को

फतहनगर। मावली उपखंड क्षेत्र की घासा तहसील स्थित ग्राम महुड़ा (मेवाड़) में गिज गोत्र वंश राव सिरदारो की कुलदेवी श्री श्री 1008 श्री पिपलाज माताजी मंदिर की 14वीं वर्षगांठ (पाटोत्सव) एवं ध्वजा दंड आरोहण महोत्सव का भव्य आयोजन ज्येष्ठ सुदी 9 एवं 10, रविवार 24 मई तथा सोमवार 25 मई 2026 को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर समस्त ग्रामवासी एवं दौलावत परिवार द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

समाजसेवी भीम सिंह दौलावत ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ रविवार 24 मई को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके बाद शाम 6 बजे महाप्रसादी आयोजित की जाएगी। रात्रि 8:15 बजे से विशाल भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन होगा, जिसमें भजन गायक भगवत सुथार (कोशिवाड़ा), भजन गायिका श्रीमती रेखा कंवर आसोलिया (आसोलिया की मादड़ी) तथा बाल कलाकार नितिराज सिंह (बसंतगढ़, सिरोही) भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां देंगे।

महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार 25 मई को प्रातः 7:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन होगा। इसके पश्चात सुबह 10:15 बजे ध्वजा दंड आरोहण किया जाएगा। वहीं सुबह 11 बजे से महाप्रसादी प्रारंभ होगी, जो श्रद्धालुओं के आगमन तक जारी रहेगी।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के प्रदेश प्रवक्ता राव दिलीप सिंह परिहार ने बताया कि आयोजन में मेवाड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में सत्संग, भजन, जागरण एवं महाप्रसाद के माध्यम से धर्मलाभ लेने का अवसर प्राप्त होगा।

आयोजन व्यवस्था में सक्रिय भूमिका

महोत्सव के स्वागतोत्सुक एवं निवेदक के रूप में श्रीमती संतोषकुँवर-ठा. रोड़सिंह दौलावत पाटवी ठाकुर, श्रीमती सुरजकुँवर-ठा. नानुसिंह, श्रीमती मंजुकुँवर-कुँवर भंवरसिंह, श्रीमती कंकुकुँवर-कुँवर भीमसिंह, श्रीमती ममताकुँवर-कुँवर राजेन्द्रसिंह, श्रीमती ललिताकुँवर-कुँवर महेन्द्रसिंह सहित समस्त दौलावत परिवार आयोजन व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

समस्त ग्रामवासी एवं दौलावत परिवार महुड़ा (मेवाड़) ने श्रद्धालुओं, समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। आयोजकों ने विश्वास जताया कि “जय पिपलाज माँ” के जयकारों के साथ आयोजित यह धार्मिक महोत्सव क्षेत्र की आस्था, संस्कृति एवं परंपरा का अद्भुत संगम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *