फतहनगर। शहर सहित पूरे प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते बिजली व्यवस्था पर अभूतपूर्व दबाव बना हुआ है। तापमान 44–45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और रात के समय भी पारा 30 डिग्री के आसपास बने रहने से बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है। हालात यह हैं कि बिजली खपत ने रिकॉर्ड स्तर को पार करते हुए 7,000 मेगावाट से अधिक का आंकड़ा छू लिया है।
विद्युत विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों ने इस स्थिति को “असामान्य दबाव” बताते हुए आमजन से धैर्य और सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफॉर्मर और केबल अपनी क्षमता से अधिक दबाव झेल रहे हैं, जिससे तकनीकी खराबियां और ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जिस तरह इंसानों की सहनशक्ति सीमित होती है, उसी प्रकार मशीनों की भी क्षमता तय होती है। अत्यधिक गर्मी और ओवरलोड के कारण उपकरणों के फेल होने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
इस बीच, बिजली विभाग के कर्मचारी भीषण गर्मी में फील्ड में लगातार काम कर रहे हैं। अधिकारीयों ने बताया कि कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर खंभों पर चढ़कर और सड़कों पर रहकर फॉल्ट सुधारने में जुटे हैं, ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बिजली कटौती के दौरान संयम बनाए रखें और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार न करें। साथ ही, जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए अनावश्यक बिजली उपयोग से बचें।
नागरिकों के लिए सुझाव:
- खाली कमरों में एसी, कूलर और लाइट बंद रखें
- पीक समय (दोपहर और रात) में भारी उपकरणों का उपयोग टालें
- स्वीकृत लोड के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें
विद्युत विभाग का कहना है कि वर्तमान संकट प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न हुआ है, ऐसे में आमजन का सहयोग ही बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply