
फतहनगर। ग्राम पंचायत ढुढिया के राजस्व गांव रोहिडा में मंगलवार देर रात एक पैंथर ने घर के पास बने बाड़े में घुसकर गाय के छोटे बछड़े का शिकार कर लिया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार गिरवर सिंह के बाड़े में घुसे पैंथर ने बछड़े को निशाना बनाया और उसे मार डाला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे पशुधन के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा को भी खतरा बढ़ता जा रहा है।
ग्राम पंचायत के पूर्व उप सरपंच ललित सिंह भाटी ने बताया कि इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कई बार पैंथर की गतिविधियां दिखाई दे चुकी हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पैंथर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि न हो सके। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की भी मांग की है।
फिलहाल वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई करने का इंतजार किया जा रहा है।
