Home>>फतहनगर - सनवाड>>फतेहनगर – सनवाड़ में शुरू हुआ मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान,आम नागरिकों से मांगे गए वार्ड के विकास के लिए सुझाव
फतहनगर - सनवाड

फतेहनगर – सनवाड़ में शुरू हुआ मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान,आम नागरिकों से मांगे गए वार्ड के विकास के लिए सुझाव

फतेहनगर। प्रदेश में ग्रास रुट स्तर पर आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू की गई डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के क्रम में विकसित राजस्थान@2047 के विजन के अनुरुप योजनाबद्ध विकास हेतु राजस्थान इन्स्टीट्यूट फाॅर ट्रांसफाॅरमेशन एण्ड इनोवेशन (RITI) के माध्यम से शहरी नगर निकाय क्षेत्रों से जिला स्तर तक के विकास के लिये मास्टर प्लान बनाने हेतु मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार द्वारा सदन में घोषणा की गयी है।
राजस्थान सरकार की ओर से शुरू किए गए ‘‘मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान‘‘ के क्रम में नगर पालिका फतेहनगर – सनवाड़ में शुक्रवार को टीम का गठन कर वार्ड सभा के माध्यम से शहर के सभी 25 वार्डों के चहुंमुखी विकास के लिए आमजन से प्री-केम्प सुझाव मांगे है। राजस्थान दिवस के पावन अवसर पर 19 मार्च को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से जयपुर से इस अभियान का शुभारंभ किया गया है, जो कि 15 मई 2026 तक चलेगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय आकांक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना है। इसमें शहर के प्रत्येक वार्ड में जल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, सड़कें, सीवरेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइटिंग, ठोस अपशिष्ट कचरा प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए डायनामिक प्रोफाइल तैयार की जायेगी। अभियान के दौरान हर वार्ड का अलग-अलग मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, जो कि 2047 तक विकसित राजस्थान के विजन से जुड़ेगा।
इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, पार्षदगण, प्रबुद्धजन एवं समाज के जागरूक व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। 20 मार्च से वार्ड स्तर पर सभाएं शुरू की गयी हैं, जहां लोग अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे दर्ज करवा सकते हैं। नगर पालिका ने अपील की है कि फतेहनगर – सनवाड़ शहर के निवासी सुझाव हेतु नगर पालिका कार्यालय में निर्माण अनुभाग से भी संपर्क कर सकते है। सुझाव देने से वार्डों में प्राथमिकता तय होगी और विकास कार्य तेजी से होंगे। यह अभियान विकास को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे फतेहनगर – सनवाड़ में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। अधिक जानकारी के लिए नगर पालिका कार्यालय या राजस्थान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट से संपर्क किया जा सकता है।
आगामी दिनों में दिनांक 5 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पालिका के प्रत्येक वार्ड तक वार्ड सभा का आयोेजन किया जाकर फतेहनगर – सनवाड़ शहर का विजन डाॅक्यूमेन्ट तैयार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!