फतहनगर - सनवाड

फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका चुनाव: सुबह 8 बजे से होगी मतगणना

दरीबा-सनवाड़ मार्ग 100-100 मीटर तक रहेगा बंद, रीको रोड से होगा यातायात डायवर्ट; बिना पास प्रवेश पर रोक

फतहनगर। फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका के लिए 9 सितम्बर को सम्पन्न हुए मतदान के बाद अब प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सोमवार सोमवार को होगा। मतों की गणना प्रातः 8 बजे से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सनवाड़ में की जाएगी। मतगणना को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार मतगणना स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। आमजन की सुविधा को देखते हुए मतगणना के दौरान यातायात मार्ग में भी बदलाव किया गया है। दरीबा-सनवाड़ मार्ग रहेगा बंद:

मतगणना स्थल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सनवाड़ के बाहर दरीबा-सनवाड़ चौकड़ी मुख्य मार्ग पर दोनों ओर 100-100 मीटर तक आम वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इस दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा।

दरीबा एवं सनवाड़ की ओर से सनवाड़ चौकड़ी की तरफ आने-जाने वाले वाहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के बाईं ओर स्थित रीको रोड से होकर उपतहसील सनवाड़ के रास्ते सनवाड़ चौकड़ी की ओर जा सकेंगे। सनवाड़ चौकड़ी से आने वाले वाहनों के लिए भी यही रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

 बिना अधिकृत पास प्रवेश नहीं:

मतगणना केंद्र परिसर में बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी फोटोयुक्त अधिकृत पास धारकों को ही मतगणना स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।

मतगणना स्थल परिसर में मोबाइल फोन ले जाने एवं उसके उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने अधिकृत व्यक्तियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

 गणना अभिकर्ताओं के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था:

अधिकृत गणना अभिकर्ताओं को पास की जांच के बाद रीको रोड स्थित विद्यालय के प्रवेश द्वार से प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें मतगणना हॉल के पीछे स्थित दरवाजे से मतगणना स्थल तक पहुंचाया जाएगा।

मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रहेगी। प्रशासन ने आमजन से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा बिना अधिकृत पास के मतगणना स्थल के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्रित नहीं होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *