फतहनगर।
स्थानीय रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में बीती रात हथियारबंद बदमाशों द्वारा डकैती की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना ‘अमर ऑयल इंडस्ट्रीज’ फैक्ट्री की है।
चौकीदार को बंधक बनाकर मारपीट की:
फैक्ट्री प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:50 बजे छह हथियारबंद बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़ने में नाकाम रहने पर नकूचा काटकर फैक्ट्री परिसर के भीतर दाखिल हुए। बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदार को हथियारों के बल पर डराया-धमकाया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने चौकीदार के हाथ-पैर बांध दिए, उसका मोबाइल छीनकर उसकी बैटरी निकाल दी और उसे कंबल ओढ़ाकर एक कोने में बैठा दिया ताकि वह शोर न मचा सके।
ट्रांसफार्मर से तांबा और गोदाम से तेल चोरी:
वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने के लिए बदमाश अपने साथ कटर आदि उपकरण लेकर आए थे। उन्होंने तेल गोदाम का नकूचा काटा और वहां रखे गद्दे बिछाकर ट्रांसफार्मर को उस पर गिरा दिया। बदमाशों ने ट्रांसफार्मर को काटकर उसमें से सारा तांबा निकाल लिया। इसके अलावा, बदमाश गोदाम में रखे करीब 4 से 5 तेल के डिब्बे और ट्रांसफार्मर का तेल भी चोरी कर ले गए।
सबूत मिटाने के लिए CCTV का DVR और वाई-फाई मॉडेम भी ले उड़े:
बदमाशों ने पहचान छुपाने और वारदात का कोई सबूत न छोड़ने की नियत से फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। वे कैमरों का डीवीआर और फैक्ट्री में लगा वाई-फाई मॉडेम भी अपने साथ उखाड़ ले गए। बदमाश रात करीब 4:00 से 4:15 बजे तक फैक्ट्री में रहे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply