फतहनगर। क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। दिन की शुरुआत रिमझिम बारिश के साथ हुई, जबकि शाम होते-होते तेज हवाओं, मेघ गर्जना और झमाझम बारिश ने पूरे क्षेत्र को तरबतर कर दिया। दिनभर गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को शाम की बारिश ने बड़ी राहत पहुंचाई।
शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे हल्की रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह की ठंडी हवाओं के चलते लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि सुबह करीब 10 बजे के बाद बारिश थमने पर वातावरण में नमी बढ़ने से भारी उमस का असर देखने को मिला और दिनभर लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे।
शाम ढलते-ढलते मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में काले घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर बाद मेघ गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी। बारिश के दौरान वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश थमने के बाद मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया और तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। शाम के समय कई लोग घरों से बाहर निकलकर सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए।
वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत के साथ चिंता भी लेकर आई है। क्षेत्र में पहले हुई अच्छी वर्षा के बाद अधिकांश किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई कर दी थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण अब खेतों में अत्यधिक नमी हो गई है। ऐसे में जिन किसानों की बुवाई अभी बाकी है, उन्हें खेतों में पानी कम होने और मिट्टी के अनुकूल होने का इंतजार करना पड़ेगा। अधिक गीली भूमि में बुवाई करने से बीज के खराब होने की आशंका रहती है। किसानों का कहना है कि खेतों की स्थिति सामान्य होने के बाद ही खरीफ फसलों की शेष बुवाई शुरू की जाएगी।

Leave a Reply