फतहनगर - सनवाड

फतहनगर-चंगेड़ी मार्ग की बदहाल स्थिति से लोग परेशान, सड़क पर गड्ढों ने बढ़ाई मुश्किलें

फतहनगर। फतहनगर से चंगेड़ी जाने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई है।

फतहनगर के हिमाड़िया बावजी क्षेत्र से प्रवेश करते ही वार्ड संख्या 14 एवं 15 की गली में सड़क की बदहाली साफ दिखाई देती है। मार्ग पर फैले गड्ढों और उखड़ी हुई सड़क के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार मोक्षधाम के समीप सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। यह मार्ग श्री कृष्णा महावीर गौशाला तक जाने का मुख्य रास्ता होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। गौशाला आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, पशुपालकों तथा ग्रामीणों को जर्जर सड़क के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

गौशाला से आगे चंगेड़ी गांव तक सड़क की हालत और भी खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से मार्ग की मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है। इससे न केवल यात्रा में अधिक समय लग रहा है, बल्कि वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

चंगेड़ी क्षेत्र के ग्रामीण कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र इस मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि फतहनगर और चंगेड़ी को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लोगों की दैनिक जरूरतों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर इसकी मरम्मत करवाकर लोगों को राहत प्रदान करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *