फतहनगर - सनवाड

प्रशिक्षण का दौर समाप्त, 16 मई से जनगणना का प्रथम चरण शुरू

फतहनगर। जनगणना 2027 के तहत मावली क्षेत्र में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का तीसरा चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। चार्ज जनगणना अधिकारी श्री दिनेश कुमार यादव के निर्देशन में दो बैचों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। तीनों चरणों के पूर्ण होने के साथ ही 16 मई से जनगणना का प्रथम चरण प्रारंभ होगा, जिसके अंतर्गत घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्य, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के कर्तव्यों, विधिक प्रावधानों तथा जनगणना की मूल संकल्पनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही एचएलओ एप में पूछे जाने वाले प्रश्नों को सिद्धांत एवं परिभाषाओं सहित समझाया गया।

इसके अतिरिक्त नजरी नक्शा तैयार करने, स्वगणना प्रक्रिया, एप के उपयोग, डेटा सुरक्षा तथा जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली से संबंधित तकनीकी जानकारियां भी प्रदान की गईं। प्रशिक्षण का समापन सेवा प्रतिज्ञा के साथ हुआ।

प्रथम बैच का प्रशिक्षण पंचायत समिति सभागार में तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण पीएम श्री मावली के द्वितीय परिसर में आयोजित किया गया।

पहले बैच के फील्ड ट्रेनर जगदीश चंद्र पालीवाल एवं संजय गहलोत रहे, जबकि दूसरे बैच में मनोज कुमार समदानी एवं भानसिंह राव ने प्रशिक्षण दिया। प्रथम बैच की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी योगेश जैन तथा दूसरे बैच की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी प्रवीण कुमार जैन ने संभाली। तकनीकी व्यवस्थाएं रामलाल गुर्जर एवं दिनेश जोशी द्वारा संचालित की गईं।

प्रशिक्षण के तीसरे चरण का समापन चार्ज जनगणना अधिकारी श्री दिनेश कुमार यादव एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के आतिथ्य में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *