
फतहनगर। शिक्षा विभाग में द्वितीय श्रेणी से व्याख्याता पद पर पदोन्नति के शनिवार को जारी हुए आदेश ने मावली क्षेत्र के शिक्षकों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ा दी। लंबे समय से प्रतीक्षित इस सूची के जारी होते ही मावली ब्लॉक के शिक्षकों में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।
इस पदोन्नति सूची में मावली क्षेत्र के कई अनुभवी और समर्पित शिक्षकों को स्थान मिला है, जिनमें प्रमुख रूप से शंकर लाल जाट, पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी, शंकर जाट (मावली गांव), रमेश जीनगर (एमजीजीएस सनवाड़), कैलाश तोंदवाल (जीएसएसएस फतहपुरा), अनिता जीनगर (जीएसएसएस मोरठ), अरविन्द मीणा (जीएसएसएस लोपड़ा), अरुण सिंगोदिया (एसवीजीएमएस मावली) तथा नीतू मेहरा (जीएसएसएस लोपड़ा) शामिल हैं।

इन शिक्षकों की पदोन्नति को न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह पूरे मावली क्षेत्र के लिए गर्व का विषय भी है। वर्षों की मेहनत, लगन और शिक्षण के प्रति समर्पण का यह सम्मानजनक परिणाम माना जा रहा है।
राजस्थान शिक्षक संघ उप शाखा मावली के अध्यक्ष शंकर लाल जाट, पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी सहित अन्य शिक्षकों और संगठन पदाधिकारियों ने सभी पदोन्नत शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पदोन्नति शिक्षकों के मनोबल को और अधिक सुदृढ़ करेगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करेगी।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (एबीआरएसएम) विद्यालय शिक्षा खण्ड-मावली की ओर से भी सभी नव पदोन्नत व्याख्याताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। संगठन के अध्यक्ष शंकरलाल जाट लदाना, मंत्री भूपेन्द्र कुमार पाठक, महिला मंत्री अमृता शर्मा, कोषाध्यक्ष सोहनलाल जाट एवं समस्त कार्यकारिणी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में शिक्षकों के बीच उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। यह पदोन्नति निश्चित रूप से शिक्षा जगत में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करेगी।
