फतहनगर - सनवाड

पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर वरिष्ठ पत्रकारों का होगा सम्मान,31 मई को जार सम्मान समारोह, तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

उदयपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जर्नलिस्ट ऑफ राजस्थान (जार) उदयपुर इकाई द्वारा 31 मई 2026 को वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को जार उदयपुर जिलाध्यक्ष राकेश राजदीप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश राजदीप ने बताया कि 30 मई 1826 को ‘उदंत मार्तण्ड’ के प्रकाशन के साथ हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत हुई थी। यह केवल एक समाचार पत्र का प्रकाशन नहीं था, बल्कि भारतीय जनचेतना, सामाजिक सरोकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के एक नए युग की शुरुआत थी।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होना पूरे मीडिया जगत के लिए गर्व और आत्ममंथन का अवसर है। इसी ऐतिहासिक पड़ाव को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान का निर्णय लिया गया है।

जार के प्रवक्ता अनिल चतुर्वेदी ने संगठनात्मक एकता, आपसी समन्वय और पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और जनसेवा का माध्यम है।

उन्होंने जानकारी दी कि जार प्रदेश संयोजक राकेश शर्मा के निर्देशानुसार समारोह में संभावित सम्मानित वरिष्ठ पत्रकारों को सपरिवार आमंत्रित किया जाएगा, ताकि आयोजन आत्मीय और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हो सके।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सम्मान प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह चित्रकूट नगर स्थित पैसिफिक कॉमर्स एंड मैनेजमेंट कॉलेज (पीएफ ऑफिस के पास) में आयोजित होगा, जहां पत्रकारिता जगत के वरिष्ठ एवं विशिष्ट हस्ताक्षरों का सम्मान किया जाएगा।

जार पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रेरणादायी प्रयास भी होगा।

बैठक में राजेश वर्मा, सुभाष शर्मा, जितेंद्र माथुर, उमेश चौहान, हरीश नवलखा, बाबूलाल ओड, दिनेश हाड़ा, दिनेश ओदिच्य, यौवंतराज माहेश्वरी, लक्ष्मण गोराण, नारायण लाल सेन, हिमांशु परिहार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *